गाजीपुरः चर्चित बिंदू होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड में मुख्य आरोपी एक लाख का ईनामी फरार शंकर पांडेय के दो भाई सुमित पाण्डेय व सत्यप्रकाश पाण्डेय को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गाजीपुर, 29 जून। विनीत राय हत्याकांड में कोतवाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को गाजीपुर घाट रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 365/2026, धारा 103(1), 191(2), 3(5) एवं 61(2) बीएनएस के तहत दर्ज विनीत राय हत्याकांड की विवेचना के दौरान सुमित पाण्डेय (23 वर्ष) एवं सत्यप्रकाश पाण्डेय उर्फ मुनि (20 वर्ष) पुत्रगण रविशंकर पाण्डेय उर्फ रवि शेखर पाण्डेय निवासी गौसाबाद, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर की संलिप्तता प्रकाश में आई थी।
सोमवार को प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह अपनी टीम के साथ गाजीपुर घाट स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह तथा चौकी प्रभारी खुदाईपुरा उपनिरीक्षक विजय कुमार सहित कोतवाली पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।





















