Oplus_16908288
गाजीपुर। भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद जनपद आगमन पर मरदह ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। लखनऊ से घर लौटते समय पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के मरदह एक्जिट प्वाइंट के पास समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

इसके बाद अपने आवास भवरहा में मीडिया से बातचीत करते हुए सीता सिंह ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगी। उनका प्रयास रहेगा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और अधिक बढ़े तथा उन्हें संगठन और सामाजिक गतिविधियों में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अब तक पार्टी की ओर से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में महिलाओं का उन्हें लगातार समर्थन मिलता रहा है। क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का विश्वास भी उन्हें मिलता रहा है। इस विश्वास को कायम रखते हुए वह संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगी।

आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरे मनोयोग और सक्रियता के साथ जुटेंगे। जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ संगठनात्मक स्तर पर कार्य किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों को धनतेरस एवं दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
स्वागत एवं मीडिया वार्ता के दौरान ब्लॉक प्रमुख पति धर्मेंद्र सिंह मंटू, जिला पंचायत सदस्य शशि प्रकाश सिंह, भाजपा नेता प्रवीण पटवा, मंडल अध्यक्ष धनंजय ओझा सहित अन्य समर्थक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।


















