गाजीपुर। शहर के तुलसी सागर चुंगी क्षेत्र में स्थित एक पुराने सरकारी भवन की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर पालिका परिषद से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र देकर भवन का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा सुरक्षा की दृष्टि से उसे गिराने अथवा आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुराना सरकारी भवन अब बेहद जर्जर और जर्जर-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुका है। भवन के छत का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ ही उसमें दरारें भी हैं, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
पत्र में विशेष रूप से आगामी दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार जर्जर भवन के ठीक पास पूजा पंडाल लगाया जाता है और पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में जर्जर भवन से जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने अधिशासी अधिकारी से जनहित एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भवन का तत्काल निरीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
मांग करने वालों में गौरव राय, संदीप राय, मनीष मधेसिया, विकास गुप्ता, अमित गुप्ता, सुदमा प्रजापति, सरवन सहित सैकड़ों स्थानीय लोग शामिल हैं।



























