गाजीपुर। गाजीपुर के होनहार युवा ताइक्वांडो खिलाड़ी पियूष कुशवाहा ने मलेशिया में आयोजित क्लासिक ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश, उत्तर प्रदेश एवं गाजीपुर का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पियूष से मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पियूष कुशवाहा को सम्मानित करते हुए अखिलेश यादव ने उनकी मेहनत और प्रतिभा की सराहना की तथा ₹1 लाख की सम्मान राशि प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। साथ ही उन्होंने खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर पियूष को अखिलेश यादव से मिलवाने वाले प्रतिनिधि ने कहा कि यह उनके लिए बेहद गर्व और खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा पियूष की उपलब्धि को सम्मान देना न केवल खिलाड़ी के लिए उत्साहवर्धक है, बल्कि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है जो अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं।
उन्होंने कहा कि पियूष की यह उपलब्धि गाजीपुर के युवाओं के लिए प्रेरणा है। कड़ी मेहनत और लगन के बल पर युवा खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।
पियूष कुशवाहा को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वहीं, अखिलेश यादव द्वारा दिए गए सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया गया।





















