गाजीपुर।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026) के अंतर्गत श्री वेद फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में वेद इंटरनेशनल स्कूल, गाजीपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों से संबंधित सड़क सुरक्षा विषयक पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसमें बच्चों को सरल भाषा में यातायात नियमों, सुरक्षित सड़क व्यवहार एवं दुर्घटना से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई है।

इस अवसर पर आर.टी.ओ. वाराणसी श्री राघवेन्द्र सिंह, ए.आर.टी.ओ. गाजीपुर श्री धनबीर यादव एवं पी.टी.ओ. गाजीपुर श्री लव कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। ए.आर.टी.ओ. श्री धनबीर यादव ने रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय सतर्कता, सड़क पर चलते समय सावधानी, साइकिल एवं दोपहिया वाहन चलाते समय नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, मदिरापान कर वाहन न चलाने तथा ओवरस्पीड से बचने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

आर.टी.ओ. वाराणसी श्री राघवेन्द्र सिंह ने सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बिना किसी कानूनी भय के घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहिए। उन्होंने बताया कि ऐसे मददगार नागरिकों को सरकार द्वारा “राहगीर” की उपाधि एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री पंकज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए बाइक चलाना पूर्णतः प्रतिबंधित है तथा साइकिल चलाते समय यातायात नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य श्री रितेश कुमार मिश्रा, उप-प्रधानाचार्य श्री महेश शुक्ला, समन्वयक श्रीमती पूनम श्रीवास्तव सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। अंत में सभी ने सड़क सुरक्षा पालन की शपथ ली।




















