गाजीपुर। किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और विपरीत मौसमी परिस्थितियों से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से रबी 2026-27 मौसम में पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत जिले के किसान अपनी अधिसूचित औद्यानिक फसलों का बीमा कराकर संभावित नुकसान से आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
योजना के अंतर्गत टमाटर, शिमला मिर्च और हरी मटर की फसल का बीमा कराने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं आम की फसल का बीमा कराने के लिए किसान 15 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
विभाग की ओर से 21 नवंबर 2026 से एनसीआईपी पोर्टल (pmfby.gov.in) पर किसानों का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। योजना का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक एवं दैवीय आपदाओं तथा प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों की आय को स्थिर बनाए रखना है।
इस योजना की खास बात यह है कि ऋणी (लोनी) और गैर ऋणी (नॉन लोनी) दोनों श्रेणी के किसान अपनी अधिसूचित औद्यानिक फसलों का बीमा करा सकते हैं। इच्छुक किसान अपने बैंक, नजदीकी जन सेवा केंद्र (सीएससी) अथवा जिला उद्यान अधिकारी और उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
उद्यान विभाग ने किसानों से अपील की है कि निर्धारित समय सीमा का ध्यान रखते हुए जल्द से जल्द अपनी फसलों का बीमा कराएं, ताकि मौसम की मार से होने वाले संभावित नुकसान से आर्थिक सुरक्षा मिल सके।




















