Oplus_16908288
2027 में जहूराबाद से ही चुनाव लड़ेंगे ओमप्रकाश राजभर, अखिलेश यादव को दी चुनाव लड़ने की चुनौती
यूजीसी विवाद पर बोले राजभर- सवर्णों की मांग जायज, सुप्रीम कोर्ट से मांगें न्याय
ओवैसी अपनी राजनीतिक गणित बना रहे हैं, बिगाड़ नहीं रहे दूसरों की गणित: ओमप्रकाश
गाजीपुर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर जमकर निशाना साधा। जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क के दौरान राजभर ने मुस्लिम समाज की राजनीतिक भागीदारी, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव, चुनावी धांधली के आरोपों, पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट के फैसले और यूजीसी विवाद को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या मुस्लिम समाज केवल सपा को वोट देने, कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने और दरी बिछाने के लिए है? वहीं, उन्होंने दावा किया कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव जहूराबाद से ही लड़ेंगे और अखिलेश यादव को भी यहां से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
मुस्लिम समाज की भागीदारी पर उठाए सवाल
ओमप्रकाश राजभर ने असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उत्तर प्रदेश में मुस्लिम समाज की स्थिति और उसकी भूमिका को लेकर सवाल उठाया गया था। राजभर ने कहा कि मुस्लिम समाज की आबादी करीब 20 प्रतिशत है, लेकिन उसे राजनीतिक भागीदारी भी मिलनी चाहिए।
उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उनमें थोड़ी भी इंसानियत है तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हार-जीत की परवाह किए बिना किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित करें। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुस्लिम समाज केवल समाजवादी पार्टी को वोट देने, चुनाव में सरकार बनाने में मदद करने, कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने और दरी बिछाने के लिए है?
राजभर ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी मुस्लिम समाज को शिक्षा, रोजगार, नौकरी, तरक्की और सत्ता में भागीदारी दिलाने की बात कर रहे हैं। उनके मुताबिक, ओवैसी अपनी राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे हैं, न कि दूसरों की गणित बिगाड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्हें राजनीतिक भागीदारी के लिए संघर्ष करना पड़ा, उसी तरह ओवैसी भी मुस्लिम समाज को उसकी हिस्सेदारी समझा रहे हैं
2027 में जहूराबाद से चुनाव लड़ने का ऐलान
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह जहूराबाद से ही चुनाव लड़ेंगे।
राजभर ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वह भी जहूराबाद से चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद नतीजे सामने आ जाएंगे। इस दौरान उन्होंने भगवान राम और रावण के प्रसंग का जिक्र करते हुए भी अपनी राजनीतिक जीत का भरोसा जताया।
चुनाव में धांधली के आरोपों पर विपक्ष को घेरा
चुनाव में वोट चोरी और धांधली के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आरोप लगाना अलग बात है, लेकिन उन्हें साबित करना कठिन है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में मृतकों, दूसरी जगह चले गए लोगों और एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने जैसे मामलों में नाम हटाने की प्रक्रिया पहले से होती रही है।
उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि यदि चुनाव में चोरी हुई है तो उसे प्रमाणों के साथ साबित किया जाना चाहिए। राजभर ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लंबे समय तक सत्ता से बाहर रहने का जिक्र करते हुए विपक्ष के आरोपों पर सवाल उठाए।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव और राज नारायण से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया। राजभर ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को अपने आरोपों के समर्थन में ठोस प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए।
पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत
पंचायत चुनाव से संबंधित हाईकोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह फैसले का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि फैसले का विस्तृत अध्ययन करने के बाद ही इस संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
यूजीसी विवाद पर सवर्ण समाज की मांग का समर्थन
यूजीसी को लेकर सवर्ण समाज की नाराजगी के सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सवर्ण समाज की मांग जायज है और संबंधित लोगों को न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना चाहिए।
आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने आर्थिक आधार पर आरक्षण की वकालत की। राजभर ने कहा कि आरक्षण का लाभ गरीब और कमजोर वर्गों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई व्यक्ति विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ जाता है तो उसे आरक्षण की कितनी जरूरत रह जाती है। उनके मुताबिक, समाज के गरीब और कमजोर लोगों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए
केंद्र की राजनीति में दो नेताओं की जोड़ी दिखाई देने और क्या उत्तर प्रदेश में भी ऐसी जोड़ी नजर आएगी, इस सवाल पर राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि यहां चार लड़के हैं। उन्होंने विपक्षी नेताओं को लेकर कटाक्ष किया और कहा कि चुनाव के बाद पता चलेगा कि वे कहां पहुंचते हैं।
जयराम रमेश की ओर से लगाए गए आरोपों पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आरोप लगाना आसान है, लेकिन उन्हें साबित करना जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल का जिक्र करते हुए मौजूदा राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप पर अपनी बात रखी।

















