पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा वितरण, किसानों को मिलेगा 1,000 रुपये प्रति कुंतल अनुदान
गाजीपुर। जनपद के किसानों के लिए आलू की खेती को लेकर अच्छी खबर है। निदेशालय उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से गाजीपुर जनपद के किसानों के बीच नकद मूल्य पर वितरण के लिए 150.30 कुंतल आलू बीज आवंटित किया गया है। जिला उद्यान अधिकारी के अनुसार आलू बीज का वितरण 22 अक्टूबर 2026 से राजकीय पौधशाला, बड़ीबाग, गाजीपुर में शुरू होगा।
आलू बीज का वितरण ऑनलाइन पंजीकरण और 5 से 25 प्रतिशत तक अग्रिम धनराशि जमा करने के बाद पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। किसानों को कुफरी बहार, कुफरी सिंदूरी, कुफरी ख्याति और कुफरी चिप्सोना-1 प्रजातियों का बीज उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रति कुंतल निर्धारित मूल्य
प्रेस नोट के अनुसार कुफरी बहार के आधारित द्वितीय सीड साइज बीज का मूल्य 3,480 रुपये प्रति कुंतल, कुफरी चिप्सोना-1 के आधारित द्वितीय सीड साइज बीज का मूल्य 3,480 रुपये प्रति कुंतल, कुफरी ख्याति के आधारित प्रथम ओवर साइज बीज का मूल्य 3,040 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित है। वहीं कुफरी बहार के अतिरिक्त अन्य सूचीबद्ध श्रेणियों में प्रथम सीड साइज बीज के मूल्य क्रमशः 3,630 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किए गए हैं।
शासन की ओर से निर्धारित नियमों के तहत किसानों को प्रति कुंतल 1,000 रुपये का अनुदान डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा।
पंजीकरण के लिए ये दस्तावेज जरूरी
आलू बीज के लिए पंजीकरण कराने वाले किसानों के पास आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है।
अधिक जानकारी के लिए किसान सहायक उद्यान निरीक्षक रमेशचंद्र से मोबाइल नंबर 9125903637 पर संपर्क कर सकते हैं।

















