गाजीपुर। किसानों को उद्यानिकी फसलों के उत्पादन और निर्यात के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑन फार्म इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम संचालित की जा रही है। योजना के तहत किसानों को फार्म पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए अनुदान का लाभ दिया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि योजना का उद्देश्य किसानों द्वारा उद्यानिकी फसलों का गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कर उन्हें निर्यात के योग्य बनाना और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार करना है। योजना के अंतर्गत प्रथम वर्ष के लिए पांच हेक्टेयर का भौतिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
योजना के तहत कर्मचारियों के विश्राम के लिए साफ-सुथरे एवं हवादार विश्राम गृह, स्थायी एवं चल शौचालय, कृषि सिंचाई के लिए गुणवत्तापूर्ण पानी की व्यवस्था, कीटनाशक एवं उर्वरकों के सुरक्षित भंडारण के लिए ताला लगाने योग्य और हवादार स्थान तथा फसल कटाई के बाद पैकेजिंग की समुचित व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की जानी हैं।
गोदाम/प्रमाणीकरण के लिए एक्रेडिटेशन एजेंसी के प्रथम वर्ष के शुल्क पर देय अनुदान के तहत अधिकतम तीन लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की 50 प्रतिशत धनराशि यानी डेढ़ लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तक अनुदान का प्रावधान है।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान अपना आवेदन पत्र जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ जमीन की खतौनी, बैंक पासबुक की फोटो कॉपी, आधार कार्ड और दो फोटो जमा करना होगा। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान जिला उद्यान कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।



























