लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा

गाजीपुर, 26 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को सुरक्षित, सुगम एवं सम्मानजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ किया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष बसों को फ्लैग ऑफ कर योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को परिवहन निगम की बसों में एक सहयात्री सहित निःशुल्क यात्रा की विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इससे महिलाओं को त्योहार के अवसर पर मायके एवं अन्य स्थानों तक आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी।

रायफल क्लब में हुआ मुख्य कार्यक्रम
जनपद गाजीपुर में मुख्य कार्यक्रम रायफल क्लब सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का उद्बोधन सुना। इस दौरान लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा से संबंधित
डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण ओम प्रकाश राजभर, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, जखनियां विधायक बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू करना महिला सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और सम्मान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रक्षाबंधन पर तीन दिनों तक महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने के साथ अब 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को निरंतर निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलना सराहनीय पहल है।
मंत्री ने लोगों से अपनी बेटियों को शिक्षित करने और उन्हें सशक्त बनाने की अपील की। साथ ही सभी को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल महिला सशक्तीकरण और महिलाओं के हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें अपने सामाजिक, पारिवारिक एवं आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
विधायक बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने भी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए सरकार की इस पहल की सराहना की।

महिलाओं ने जिलाधिकारी को बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। महिलाओं ने जिलाधिकारी के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की संवेदनशील एवं जनहितकारी कार्यशैली से आमजन में शासन-प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।
महिलाओं ने कहा कि प्रशासन द्वारा महिलाओं, जरूरतमंदों और पात्र लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
महिलाओं को मिलेगी आर्थिक राहत
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा के माध्यम से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें अपने आवश्यक कार्यों, सामाजिक दायित्वों और पारिवारिक यात्राओं के लिए आर्थिक भार से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ महिलाओं के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा महिला सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, एआरएम रोडवेज सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।






















