गाजीपुर। जिला कारागार गाजीपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सुबह 8 बजे जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और देशभक्ति के नारों से पूरा जेल परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से जारी अपील का वाचन जेल अधीक्षक द्वारा किया गया। वहीं जिला कारागार में उत्कृष्ट सेवा देने वाले करीब नौ कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में उपकारापाल राजेश कुमार, जेल चिकित्सक डॉ. संजय जायसवाल, चीफ जेल वार्डर प्रदीप कुमार द्विवेदी, वीरेंद्र तिवारी, देवनाथ, अजय गुप्ता, लिपिक संदीप यादव, समरजीत सिंह, विनोद कुमार और माला निषाद शामिल रहे। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति से जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, सुनील सिंह झंडारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए।
जेल परिसर में निरुद्ध बंदियों के बीच भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान एक बुजुर्ग बंदी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। बंदियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 28 महिला एवं पुरुष बंदियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे बंदियों में उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव, उपकारापाल राजेश कुमार, रविंद्र सिंह, जेल चिकित्सक डॉ. शिशिर शैलेष, शिक्षा अध्यापक धर्मेंद्र श्रीवास्तव, अभय मौर्य सहित जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






















