कुल 07 नमूने लिए गए — 80 किलो चीनी का सीरा और 1138 किलो तेल सीज
गाजीपुर, 16 अक्टूबर 2025। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी अविनाश कुमार के आदेश पर जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कुल 07 नमूने लिए गए और बड़ी मात्रा में मिलावटी सामग्री सीज की गई।

कार्यवाही अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार के निर्देशन में की गई। टीम ने 80 किलोग्राम चीनी का सीरा (अनुमानित मूल्य ₹8,000) को जब्त कर नष्ट कराया। इसके साथ ही 1138 किलोग्राम रिफाइंड पामोलीन ऑयल (अनुमानित मूल्य ₹1,45,664) को सीज किया गया।
अभियान के दौरान —
आदर्शगांव, हुसैनपुर में स्थित आनंद गुप्ता के प्रतिष्ठान मेसर्स श्री अन्नपूर्णा फूड प्रोडक्ट से रिफाइंड पामोलीन ऑयल का 01 नमूना लिया गया और 1138 किलोग्राम तेल सीज किया गया।
कासिमाबाद चौराहा स्थित मेसर्स रसप्रिया स्वीट (पंकज यादव) से काजू बर्फी और स्ट्रॉबेरी मिठाई के 01-01 नमूने तथा विनिर्माण स्थल से खोया का 01 नमूना लिया गया।
बहादुरगंज, कासिमाबाद में मेसर्स बाराबंकी स्वीट हाउस (मेराज अहमद) से बर्फी का 01 नमूना लिया गया और 50 किलोग्राम सीरा (अनुमानित मूल्य ₹5,000) नष्ट किया गया।
मेसर्स बंगाली स्वीट (प्रदीप मल्ल) से छेना मिठाई और छेना के 01-01 नमूने लिए गए तथा 30 किलोग्राम सीरा (अनुमानित मूल्य ₹3,000) नष्ट किया गया।
संग्रहित सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश को परीक्षण हेतु भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी कासिमाबाद लोकेश और सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 रमेश चंद्र पांडेय ने किया। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्र तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त, पंकज कुमार कन्नौजिया, अरविंद प्रजापति, धनंजय सिंह, वीरेंद्र यादव और विपिन कुमार गिरी शामिल रहे।















