कासिमाबाद। जहुराबाद कार्यकर्ता समीक्षा बैठक में पहुंचे पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत वर्ष के इतिहास में भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश का जिक्र आता है और यह भी सच है कि पाकिस्तान व बांग्लादेश को चाहने वाले लोग देश में मौजूद हैं।

पश्चिम बंगाल में ईडी की कार्रवाई के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के फाइल लेकर गायब होने के सवाल पर राजभर ने कहा कि ईडी और सीबीआई स्वतंत्र एजेंसियां हैं और वे अपना काम कर रही हैं। विपक्षी दल हमेशा सरकार पर उंगली उठाते हैं, जबकि वहां की सरकार जांच एजेंसियों का सहयोग करने के बजाय असहयोग कर रही है।
पीडीए की फुल फॉर्म बताते हुए राजभर ने कहा कि यह “परिवार डेवलपमेंट पार्टी” है। इसके पास केवल पांच सांसद हैं और वे भी एक ही परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि आज एनडीए के पास स्वतंत्र देव सिंह, केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, संजय निषाद, योगी आदित्यनाथ, जयंत चौधरी, आशीष पटेल सहित स्वयं वे जैसे दर्जनों ऐसे नेता हैं, जो वोट दिलाने की क्षमता रखते हैं, जबकि पीडीए के पास एम-वाई के अलावा कोई ठोस आधार नहीं है।
अखिलेश यादव द्वारा चुनाव आयोग को लेकर दिए गए बयान पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि अब उनके पास यही बोलने को बचा है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह अलर्ट है, मतपत्रों की छपाई कराई जा रही है और 31 दिसंबर तक मतदाता सूची में आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत 1932 से 27 प्रतिशत आरक्षण लागू है और उसी व्यवस्था के अनुसार आगे भी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट – विनय ठाकुर




















