गाजीपुर।कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को गाजीपुर के गंगा घाटों पर देव दीपावली का भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता घाटों पर लगा रहा। लोगों ने गंगा स्नान कर दीपदान किया और भगवान शंकर समेत देवताओं की आराधना की। पूरा शहर आस्था और भक्ति के रंग में डूबा नजर आया।

शाम ढलते ही गाजीपुर के प्रमुख घाट — कलेक्टर घाट, नवाब घाट, ददरीघाट,महराज घाट और सिटी घाट — दीपों की पंक्तियों से जगमगा उठे। श्रद्धालुओं ने “हर-हर गंगे” और “जय गंगे माता” के जयघोषों के बीच गंगा में दीप प्रवाहित किए। पूरा वातावरण मंत्रोच्चार और भक्ति रस से सराबोर हो गया।

कलेक्टर घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। आरती के दौरान घाट पर दीपों की रोशनी और रंगोली से अद्भुत नजारा बन गया। स्थानीय कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को और भी पवित्र बना दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन सरिता अग्रवाल ने बताया “देव दीपावली गाजीपुर की परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इस दिन गंगा घाटों की सुंदरता देखते ही बनती है। नगर पालिका की ओर से घाटों की सफाई और सजावट की विशेष व्यवस्था की गई थी।”
देव दीपावली पर पूरे शहर में सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की निगरानी में कार्यक्रम शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।













